नर्मदापुरम जिला फुटबॉल संघ की नई कार्यकारिणी गठित, सत्यम अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

इटारसी: नर्मदापुरम जिले में फुटबॉल के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के तत्वावधान में जिला फुटबॉल संघ नर्मदापुरम की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इटारसी के साई कृष्णा रिसोर्ट में आयोजित बैठक में यह प्रक्रिया ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन एवं मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा नियुक्त वरिष्ठ अधिवक्ता पारस जैन की उपस्थिति और मार्गदर्शन में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की गई।जिला फुटबॉल संघ के सचिव दीपक परदेसी ने बताया कि नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पिछले एक माह से चल रही थी। जिले के पंजीकृत फुटबॉल क्लबों के अध्यक्षों, सचिवों और सदस्यों की सहमति से कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में जिला सलाहकार समिति के सदस्य एवं फाइटर फुटबॉल क्लब इटारसी के अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल को जिला फुटबॉल संघ नर्मदापुरम का अध्यक्ष निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से चुना गया। वहीं अरविंद ठाकुर को सचिव, आशीष डेविड कोषाध्यक्ष तथा डॉ. सरोज चौहान और मयूर जायसवाल को उपाध्यक्ष बनाया गया।
कार्यकारिणी सदस्यों में विजय पुरोहित (नर्मदापुरम), उद्धव राजपूत (इटारसी), बबलू रैकवार (नर्मदापुरम), सचिन पुरवइया (पिपरिया), अक्षत तिवारी (इटारसी), आरती भावसार, नीरज यादव और महेंद्र मालवीय (गोलू) को शामिल किया गया।
हर प्रतिभा को मिलेगा अवसर
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल ने जिम्मेदारी सौंपने के लिए सभी क्लब पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम जिले में फुटबॉल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। संघ का प्रयास रहेगा कि हर प्रतिभावान खिलाड़ी को बेहतर प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि सभी क्लबों और खिलाड़ियों को साथ लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। जिले में मजबूत और सकारात्मक खेल वातावरण तैयार करना प्राथमिकता होगी, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी लाभान्वित हों और नर्मदापुरम के खिलाड़ी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
अग्रवाल ने कहा कि फुटबॉल के विकास की यात्रा किसी एक व्यक्ति या क्लब की नहीं, बल्कि खिलाड़ियों, क्लबों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की सामूहिक यात्रा है। सभी के सहयोग से नर्मदापुरम को फुटबॉल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वरिष्ठ खिलाड़ियों ने दी बधाई
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद वरिष्ठ खिलाड़ियों, क्लब पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने सत्यम अग्रवाल सहित पूरी कार्यकारिणी को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में जिले में फुटबॉल गतिविधियों को गति मिलेगी और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
इस अवसर पर अजय चौधरी, प्रीतम पुरवइया (पिपरिया), रामस्वरूप राजपूत, मूलचंद रैकवार (नर्मदापुरम), भगवत सिंह ठाकुर, रॉबिन मसीह (न्यू यार्ड) सहित अनेक वरिष्ठ खिलाड़ी, क्लब पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यकारिणी के गठन से जिले के फुटबॉल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा।

Next Post

व्यस्त बाजार में भीषण आग छह दुकानें जलकर खाक

Sun Aug 30 , 2026
सोनीपत 30 अगस्त (वार्ता) हरियाणा के सोनीपत मे रविवार तड़के शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक में भीषण आग लगने से छह दुकानें जलकर खाक हो गईं। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात रही कि घटना के समय बाजार बंद था और […]

You May Like