भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के सतगढ़ी में बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन किया। करीब 173 एकड़ में बनने वाला यह पार्क आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जहां उद्योगों के साथ कर्मचारियों के रहने, स्किल डेवलपमेंट और नई तकनीक से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अवसर पर प्रदेश और देशभर से 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरकार के अनुसार, इस स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), गारमेंट, टॉयज, लॉजिस्टिक्स और हाई वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग जैसे कई क्षेत्रों की कंपनियां स्थापित होंगी। इससे भोपाल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, नए निवेश आएंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार का दावा है कि इस परियोजना से 15 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
परियोजना के तहत करीब 25 एकड़ में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर भी बनाया जाएगा। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निवेशक सम्मेलन, व्यापार मेले और बड़े व्यावसायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। सरकार का मानना है कि यह परियोजना भोपाल को एक नए औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
