चोरी के मोबाइल खपाने आए दो बदमाश जीआरपी के हत्थे चढ़े

इंदौर: रेलवे स्टेशन पर चोरी के मोबाइल सस्ते दामों में बेचने की फिराक में आए गुना के दो बदमाश जीआरपी के हत्थे चढ़ गए. पुलिस ने दोनों के कब्जे से तीन पुराने मोबाइल और एक पुराना लैपटॉप बरामद किया है. आशंका है कि बरामद मोबाइल ट्रेनों में हुई चोरी की वारदातों के हैं. पुलिस दोनों से पूछताछ कर अन्य मामलों का भी खुलासा करने में जुटी है.

पिछले कुछ दिनों से ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं. इसी को देखते हुए संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी. इस दौरान स्टेशन परिसर में दो युवक यात्रियों को सस्ते दामों में पुराने मोबाइल बेचने का सौदा करते दिखाई दिए. संदेह होने पर पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की. उनकी पहचान गुना निवासी भय्यू उर्फ समीर और हरिसिंह के रूप में हुई. तलाशी लेने पर उनके पास से तीन मोबाइल और एक पुराना लैपटॉप मिला, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बरामद मोबाइल किन किन वारदातों से जुड़े हैं और आरोपियों के साथ इस गिरोह में और कौन कौन शामिल हैं.

दोनों से ट्रेनों में हुई मोबाइल चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है. इधर, रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. रविवार रात प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर देवास निवासी मोहन गुप्ता का मोबाइल चलती ट्रेन में चोरी हो गया. मामले में पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है. मामले में जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है. बरामद मोबाइलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, यह भी जांच की जा रही है कि वे किन वारदातों में शामिल रहे हैं और चोरी का सामान किन लोगों को बेचते थे.

Next Post

वाहन चोरों का शहरभर में धावा, एक ही दिन में लाखों के दोपहिया वाहन पार

Mon Jul 6 , 2026
इंदौर: शहर में वाहन चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. एक ही दिन में अलग अलग थाना क्षेत्रों से आठ दोपहिया वाहन चोरी होने के मामले सामने आए हैं. कई वारदातें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं, जिनके आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में […]

You May Like