भिण्ड: कोरोना महामारी के दौरान माता-पिता को खो चुके बच्चों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का मामला गोहद तहसील के ग्राम पंचायत शेरपुर में सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मदद की गुहार लगाने के बावजूद अब तक उन्हें अपेक्षित सरकारी सहायता नहीं मिल सकी है।
प्रगतिशील युवा संगठन एवं मां सावित्रीबाई फुले शिक्षा एवं समाज सुधार समिति के सदस्य ग्राम पंचायत शेरपुर पहुंचे और रामकली कुशवाह के पुत्र एवं पुत्रवधू के निधन के बाद बेसहारा हुए बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान संगठनों की ओर से बच्चों के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से सरकारी सहायता की उम्मीद लगाए हुए है। उनका कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता-पिता को खोया, उनके लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्रता के अनुसार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
संगठन ने ग्राम पंचायत शेरपुर के सचिव एवं सरपंच को मामले से अवगत कराते हुए बच्चों को शासन की पात्र योजनाओं का लाभ तत्काल दिलाने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बच्चों के अधिकार और सरकारी सहायता के लिए प्रशासन के समक्ष मामला उठाया जाएगा।
सामाजिक संगठनों ने आगे बढ़कर की मदद
संगठन ने कहा कि जब तक जरूरतमंद परिवारों को शासन की ओर से अपेक्षित सहायता नहीं मिलती, तब तक समाज के सक्षम लोग मिलकर ऐसे परिवारों की मदद करते रहेंगे। साथ ही प्रशासन से मामले की जांच कर पात्र बच्चों को नियमानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इस अवसर पर किशोरी लाल कुशवाह (शिक्षक), महादेव कुशवाहा (शिक्षक), कैलाश कुशवाहा (कंप्यूटर सेंटर), राकेश कुशवाहा (शिक्षक), संजू कुशवाहा (ओबीसी महासभा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, भिण्ड), मुकेश कुशवाहा (शिक्षक), देवेन्द्र कुशवाह, राजेश कुशवाह (शिक्षक), जीसहाव कुशवाह (ओबीसी महासभा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, दतिया), भारतसिंह कुशवाह (शिक्षक, डिरौलीपार), वृन्दावन कुशवाह (शिक्षक, डिरौलीपार), के.के. कुशवाह, अरविन्द कुशवाह (शिक्षक, डिरौलीपार), करनसिंह कुशवाह (रूहेरा), अंकुश कुशवाह (ग्यारा) सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
