
इंदौर. साइबर ठगों के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने और उसमें आने वाली ठगी की रकम चेक के जरिए निकालने वाले सेल्समैन के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज की है. आरोपी का म्यूल खाता महाराष्ट्र के सोलापुर और तेलंगाना सहित कई राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा मिला है.
क्राइम ब्रांच को राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय के साथ ही आई 4 सी, एनसीआरपी और साइबर क्राइम पोर्टल से संदिग्ध म्यूल खातों की जानकारी मिली थी. ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत महेश नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के एक खाते की जांच की गई. जांच में खाते से देश के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर धोखाधड़ी के लेन-देन सामने आए. जांच के आधार पर मल्हारगंज क्षेत्र निवासी सोहेल शाहिद की भूमिका सामने आई. 12वीं तक पढ़ा सोहेल रिटेल सेक्टर में सेल्समैन का काम करता है. उसने अपना बैंक खाता साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल होने दिया. खाते में ठगी की रकम आने के बाद वह चेक के जरिए उसका आहरण करता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि खाते में रकम भेजने वाले साइबर ठग कौन हैं और आरोपी को इसके बदले कितना कमीशन मिलता था. पुलिस अन्य सहयोगियों और पूरे साइबर अपराध सिंडिकेट के नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है.
