
इंदौर. शिवालय मार्ग पर एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद सामने आए उसके साथी चेतन कुमावत को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है, पुलिस ने उसे 8 सितंबर को पकड़ा. अब उससे ड्रग्स सप्लाई करने वाले और खरीददारों के बारे में पूछताछ की जा रही है.
क्राइम ब्रांच ने 24 अगस्त को शिवालय मार्ग स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास बेटमा निवासी पृथम शाक्तावत को पकड़ा था. उसके कब्जे से 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई थी. ड्रग्स की कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई थी. पृथम से पूछताछ में चेतन कुमावत की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे मामले में सह-आरोपी बनाया था. इसके बाद से उसकी तलाश चल रही थी. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि लगातार पतारसी के बाद क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब चेतन से यह पता लगा रही है कि एमडी ड्रग्स किससे खरीदी गई थी और आगे किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी. साथ ही नेटवर्क में जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लायरों की जानकारी जुटाई जा रही है.
