भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवी समागम को संबोधित करते हुए नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से होमगार्ड विभाग को सक्रिय बनाने में लगे सभी साथियों का कार्य सराहनीय है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान को भी रेखांकित किया।
उन्होंने नागरिक सुरक्षा प्रबंधन को योजनाबद्ध तरीके से जमीनी स्तर तक लागू करने की आवश्यकता बताई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों में बेहतर प्रबंधन हो सके। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि ‘राहगीर योजना’ के तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है, वहीं घायल के लिए 1.5 लाख तक निशुल्क उपचार की व्यवस्था है।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जहां एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने वन्यजीव और शहरी जीवन के संतुलन का उदाहरण देते हुए कहा कि भोपाल में रात में टाइगर और दिन में आमजन का आवागमन इस संतुलन को दर्शाता है।उन्होंने नागरिकों को वन्यजीव प्रबंधन का प्रशिक्षण देने की आवश्यकता भी बताई और विश्वास जताया कि सभी अधिकारी व सहयोगी मिलकर चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करेंगे। तीन दिवसीय समागम के लिए उन्होंने शुभकामनाएं भी दीं।
