
हाइकू, 7 सितंबर (वार्ता) दक्षिण चीन के हैनान प्रांत में उष्णकटिबंधीय अवसाद के कारण स्तर-4 के तापा तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इस साल का यह 16वां तूफान है।
हैनान प्रांतीय मौसम विज्ञान वेधशाला के अनुसार रविवार सुबह 7 बजे तापा का केंद्र दक्षिण चीन सागर के ऊपर दक्षिण चीन के ग्वांगडोंग प्रांत से लगभग 445 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था। इसके केंद्र के पास अधिकतम 23 मीटर प्रति सेकंड की गति से हवाएं चल रही थीं।
तापा तूफान के 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे तेज होने का अनुमान है। जबकि रविवार सुबह से दोपहर तक एक प्रचंड उष्णकटिबंधीय तूफान के रूप में इसके मध्य और पश्चिमी ग्वांगडोंग के तटीय क्षेत्रों तक पहुंचने और झुहाई तथा झानजियांग शहरों के बीच जमीन पर पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान अधिकारियों के अनुसार जमीन पर पहुंचने के बाद इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होती जाएगी।
उल्लेखनीय है कि चीन में तूफान की चेतावनी की एक चार-स्तरीय प्रणाली होती है, जिसमें स्तर-1 सबसे गंभीर होती है। स्तर -1 की तुलना में स्तर-4 कम गंभीर है लेकिन फिर भी तत्काल कार्रवाई और तैयारी की आवश्यकता होती है।
