नुक्कड़ नाटक से लोगों को दिया रेल सुरक्षा का संदेश

इंदौर:मंडल क्षेत्र में शरारती तत्वों द्वारा सवारी गाड़ियों पर पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक अथवा सहायक उपकरणों से छेड़छाड़, अनधिकृत रूप से ट्रैक पार करना तथा रेलवे ट्रैक पर पशुओं के दुर्घटनाग्रस्त होने जैसी घटनाओं से रेल संचालन प्रभावित होता है.इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा आयुक्त रामराज मीना के नेतृत्व में रतलाम मंडल में ‘रेल के साथ खेल नहीं’ अभियान चलाया जा रहा है.

अभियान के तहत रेल सुरक्षा बल के अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई है. इसी क्रम में सोमवार को रेल सुरक्षा बल पोस्ट इंदौर के निरीक्षक जीवन सिंह तंवर, सहायक उपनिरीक्षक महेश चंद मीना एवं अन्य स्टाफ की टीम ने मांगलियागांव के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए. कार्यक्रम के अंतर्गत सत्य साईं पब्लिक माध्यमिक स्कूल, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मांगलिया गांव तथा इंदिरा नगर मांगलिया गांव में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया. इस दौरान लगभग 500 से अधिक विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

यात्रियों की सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रेल सुरक्षा बल की टीम ने लोगों को सवारी गाड़ियों पर पत्थर न फेंकने, रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार न करने, रेलवे लाइन पर पत्थर या अन्य वस्तुएं न रखने, रेलवे परिसर में वीडियो या रील न बनाने तथा रेलवे संपत्ति से छेड़छाड़ न करने के लिए जागरूक किया. साथ ही बताया गया कि ऐसी गतिविधियां रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दंडनीय अपराध हैं, जिनमें जुर्माना और कारावास दोनों का प्रावधान है. टीम ने यह भी बताया कि रेलवे एक राष्ट्रीय संपत्ति है, जिसका उपयोग आम नागरिक करते हैं. इसलिए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है.

Next Post

आग के दावानल में किसानों की खुशियां हुई स्वाहा

Tue Mar 17 , 2026
सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम आलमपुरा में सोमवार दोपहर अचानक भड़की भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी लगभग 40 एकड़ फसल को अपनी चपेट में ले लिया. […]

You May Like