
सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आज से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का जिले में शुभारंभ हुआ। अभियान के प्रथम दिवस आयोजित एक दिया आशीर्वाद का कार्यक्रम में जुड़वा तालाब परिसर 25 हजार मिट्टी के दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। हजारों दीपों से सजे जुड़वा तालाब की मनोहारी छटा ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार एवं वैदिक विधि-विधान के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह, विधायक राजेन्द्र मेश्राम, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, एसपी सियाज केएम, जिपं सीईओ संघप्रिय, पार्षद सीमा जयसवाल, राम नरेश शाह, संतोष शाह, ननि आयुक्त सविता प्रधान, नगर निगम डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, कार्यपाल न यंत्री संतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आशीर्वाद का दिया। प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। एक दिया आशीर्वाद का कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग की सहभागिता देखने को मिली। प्रधानमंत्री आवास योजना गनियारी के हितग्राही परिवारों द्वारा विशेष उत्साह के साथ 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
