खरगे-राहुल ने टिहरी गढ़वाल में सड़क हादसे में नौ लोगों की मृत्यु पर जताया दुख

नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में मंगलवार प्रात: हुए भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जतायी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। श्री खरगे ने अपने शोक संदेश में कहा कि उत्तराखंड में हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस हादसों में कई लोगों की मृत्यु बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने राज्य सरकार से त्वरित सहायता पहुंचाने तथा केंद्र सरकार की ओर से पीड़ितों को तुरंत और पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पीड़ितों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आग्रह भी किया।

श्री गांधी ने कहा कि उत्तराखंड में हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस के गूलर के पास खाई में गिरने तथा बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में कई लोगों की मृत्यु और अनेक लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने इस कठिन घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। गौरतलब है कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस गूलर पुल के समीप अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में जा गिरी। हादसे में बस चालक और परिचालक समेत नौ लोगों की मौत हुई है तथा 27 अन्य घायल हो गये। घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया है। मृतकों की पहचान की जा रही है।

.....

Next Post

उमंग सिंघार ने कहा : ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने कदम उठाएं

Tue Nov 17 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर प्रवास पर आए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री और राज्यपाल से संबंधित प्रावधानों को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने की संभावनाओं पर विचार करने की मांग की है। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि ओबीसी […]

You May Like