ग्वालियर: होली के त्यौहार को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये आदतन अपराधियों पर शिंकजा कसने के लिये शहर पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। दरमियानी रात को शहर और देहात में एक साथ 100 से ज्यादा पुलिस टीमों ने कार्यवाही की। लगभग 5 घंटे तक पुलिस के जवान और अधिकारी एक्शन मोड में दिखाई दिये। इस बीच शहर और ग्रामीणों इलाकों से 271 फरार एवं स्थाई गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़कर हवालात में भेजा गया। इसके साथ ही 357 गुण्डों और हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी सघन जांच की गयी।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की। गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड भी अपडेट किया गया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अभियान के तहत फरार वारंटियों को पकड़ा गया। पुराने गुण्डों व हिस्ट्रीशीटरों की जांच की गयी। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के लिये कोई जगह नहीं है।
