मुंबई, (वार्ता) देश की अग्रणी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस ने लातिन अमेरिका में नवाचार बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुये मेक्सिको में नया एआई आधारित ऑपरेशन केंद्र खोलने की घोषणा की।
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि मेक्सिको सिटी स्थित नया कार्यालय मेक्सिको में उसका आठवां ऑपरेशन केंद्र है। कंपनी ने पिछले 22 साल में देश में 11 हजार कुशल एसोसिएट्स का कार्यबल तैयार किया है। नया केंद्र अगले दो साल में रोजगार के और अवसर पैदा करेगा। इस केंद्र पर एआई विशेषज्ञों और सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की तैनाती की जायेगी।
टीसीएस ने बताया कि इस नये कार्यालय के स्थापना लातिन अमेरिका में उसकी विकास रणनीति का महत्वपूर्ण अंग है। यह नवाचार का इंजन होगा जहां से स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय क्लाइंटों को एआई, क्लाउड, साइबर सिक्योरिटी, आईओटी, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और एप्लिकेशन डेवलपमेंट जैसी सेवाएं प्रदान की जायेंगी।
लातिन अमेरिका में मेक्सिको टीसीएस के लिए नवाचार का केंद्र रहा है। कंपनी पिछले 22 साल से वहां सक्रिय है और वहां सबसे ज्यादा रोजगार देने वाली कंपनियों में शामिल है।
