नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा पश्चिम एशिया की ताजा स्थिति पर बातचीत की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि यूएई के राष्ट्रपति श्री राहयान ने श्री मोदी को टेलीफोन किया और उन्हें जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए नए उपायों पर चर्चा की। इनमें ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी, निवेश और स्वास्थ्य के क्षेत्र शामिल हैं। विज्ञप्ति के अनुसार दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
उन्होंने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों में निरंतर सहयोग और समन्वय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यूएई के राष्ट्रपति ने भारत की सफल ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में यूएई की ओर से युवराज शेख खालिद की भागीदारी तथा भारत की अध्यक्षता के दौरान ठोस परिणाम हासिल करने में यूएई के सहयोग और साझेदारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
