सांवेर रोड पर दो परिसरों से 34,767 लीटर अतिज्वलनशील सॉल्वेंट जब्त

इंदौर:सांवेर रोड पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो फर्मों से 34,767 लीटर अतिज्वलनशील सॉल्वेंट जब्त किया है। जांच में यह पदार्थ अधिकृत भंडारण स्थल से अलग स्थान पर बिना वैध लाइसेंस और बिना अनुमति के रखा हुआ पाया गया. जिला प्रशासन ने दोनों फर्मों तथा उनके प्रोपराइटर/ पार्टनर्स के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में की गई जांच के दौरान सांवेर रोड स्थित सनी पेंट एंड तार और एमपीडी इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित परिसरों की जांच की गई। इस दौरान मौके से 32,744 लीटर सॉल्वेंट एमटीओ और 2,023 लीटर सॉल्वेंट जाइलीन बरामद हुआ। दोनों पदार्थों की कुल मात्रा 34,767 लीटर है. मारू के अनुसार, जांच में उक्त ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण, विक्रय और उपयोग बिना वैध लाइसेंस एवं आवश्यक अनुमति के किया जाना पाया गया। इसके बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मौके पर मौजूद समस्त ज्वलनशील पदार्थ जब्त कर लिए गए.

असुरक्षित भंडारण से दुर्घटना का खतरा
अधिकारी ने बताया कि अतिज्वलनशील सॉल्वेंट का इतनी बड़ी मात्रा में बिना अनुमति और असुरक्षित तरीके से भंडारण जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता था. ऐसे पदार्थों के भंडारण में लापरवाही से आग और विस्फोट जैसी गंभीर घटनाओं की आशंका रहती है. मारू ने बताया कि मामले में दोनों फर्मों और उनके प्रोपराइटर/पार्टनर्स के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। संबंधित मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है. जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को जनसुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अनधिकृत तरीके से ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.

Next Post

सुप्रीम कोर्ट की चिंता का संज्ञान लें सरकारें

Fri Oct 9 , 2026
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like