इंदौर: शहर में वाहन चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. एक ही दिन में अलग अलग थाना क्षेत्रों से आठ दोपहिया वाहन चोरी होने के मामले सामने आए हैं. कई वारदातें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं, जिनके आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है.पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नार्थ मूसाखेड़ी और अलकापुरी मेन रोड क्षेत्र से शुभम यादव की बाइक चोरी हो गई.
चोइथराम सब्जी मंडी स्थित सांची पॉइंट के पास से अभिषेक दुबे की एक्टिवा बदमाश ले उड़े. वहीं नैनोद मल्टी की पार्किंग से सविता पथरोड़ की बाइक, नेहरू नगर से राजेश गुतारिया की बाइक, रोबोट चौराहा स्थित वाइन शॉप के बाहर से अवधेश जाटव की बाइक, सोलंकी नगर से सुनील मेहरा की बाइक, अरण्य नगर से अभिषेक वर्मा की बाइक और नक्षत्र गार्डन के पास से राजेश मिश्रा का दोपहिया वाहन चोरी हो गया.
लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि एक ही गिरोह अलग अलग इलाकों में वारदातों को अंजाम दे रहा है. पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर वाहन चोरों की तलाश शुरू कर दी है
