सेवा संकल्प अभियान में समाज के हर वर्ग को जोड़ें, लाभार्थियों से संवाद रखें

भोपाल। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को जोड़कर सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार को मजबूत करना है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को भोपाल संभाग की बैठक को संबोधित करते हुए जामवाल ने कहा कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो चित्र सेवा’ सहित दो प्रमुख कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं। अब ‘सेवा संकल्प यात्रा’ सहित अन्य कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, रचनात्मकता, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

संगठन को समाज के नए लोगों से जोड़ने पर जोर

जामवाल ने कहा कि अभियान के कार्यक्रम केवल संगठन के कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए। समाज के नए लोगों को भी इनसे जोड़ा जाए, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और शक्ति का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पद और दायित्व मिलने के बाद व्यवहार में विनम्रता और सेवाभाव बढ़ना चाहिए। समाज की आवश्यकताओं को समझकर उसके बीच काम करना संगठन की कार्यपद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है और कार्यकर्ताओं को अंत्योदय, सामाजिक समरसता तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के लक्ष्य के साथ काम करना चाहिए।

संभाग से शक्ति केंद्र तक कार्ययोजना बनाने की सलाह

जामवाल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने कार्य और व्यवहार का समय-समय पर आत्मविश्लेषण करे और यह सुनिश्चित करे कि संगठन के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में उसकी भूमिका प्रभावी हो। उन्होंने कहा कि संभाग, जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यक्रमों की पहले से कार्ययोजना बनाकर बैठकें की जाएं, तो कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसके तहत वर्ष 2027 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में मंत्री करण सिंह वर्मा, विश्वास सारंग, गौतम टेटवाल, नारायण सिंह पंवार, नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी, अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, सांसद आलोक शर्मा, रोडमल नागर, दर्शन सिंह चौधरी और संभाग प्रभारी डॉ. तेज बहादुर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा ने किया, जबकि आभार भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने व्यक्त किया।

Next Post

करंट से युवक की मौत

Mon Sep 21 , 2026
जबलपुर। घुटना गांव में करंट लगने से युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक घुटना गांव सिहोरा निवासी नरेश चौधरी घर में सीलिंग फेन के वायर में प्लग लगा रहा था। इस दौरान उसका हाथ वायर के दूसरे हिस्से से छू गया। जिससे वह करंट की चपेट में आ […]

You May Like