
सिंगरौली। मकर संक्रांति का पर्व आज 15 जनवरी को परंपरागत तरीके से मनाया गया। आज के शुभ मुहुर्त में जिले के सोन एवं गोपद नदियों में हजारों-लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डूबकी लगाई है।
दरअसल इस वर्ष मकर संक्रांति के लिए शुभ मुहुर्त आज 15 जनवरी को था। इसका पुण्य काल 15 जनवरी, द्वादशी गुरूवार को प्रात: काल से दोपहर 1:19 तक रहेगा। अत: इस वर्ष मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाना श्रेष्ठ होगा। इस दिन सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते है। इसीलिए इसे मकर संक्रांति के नाम से जानते है। इस दिन सूर्य उत्तरायण होता है। इसलिए इसे उत्तरायण संक्रांति के नाम से भी जाना जाता है। आज जिले के प्रमुख नदियों में सुबह से ही हजारों-लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डूबकी लगाई है। इस दौरान हाथ में तिल एवं फूल-अक्षत लेकर गोपद एवं सोन नदी में डूबकी लगाए। इसके बाद शिवालयों मंदिरों में पहुंच जल चढ़ाते हुये माथा टेके। इसके बाद श्रद्धालु अपने घरों एवं नदियों के तट पर बैठ चूरा, तिल एवं बूंदी का लड्डू चखे। इस दौरान बर्दी, झारा, समेत अन्य कई प्रमुखों स्थानों में विशाल मेला भी लगा है। जहां लोगों ने मेले का जमकर लुफ्ट उठाया। वहीं कइयों ने झूला का आनन्द लिये। मेले में बच्चों की संख्या खूब थी। साथ ही बच्चों ने पतंगबाजी भी की। इस दौरान पुलिस भी जगह-जगह मौजूद रही। यहां जानकारी के लिए बता दें कि झारा के सुरसुराई घाट एवं चितरंगी के बर्दी में एक पखवाड़ा तक मेला चलता है।
