
बैतूल। बैतूल में नई दिल्ली-चेन्नई रेलवे ट्रैक पर हाईटेंशन लाइन का केबल गार्ड टूटकर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन पर गिर गया। इससे नई दिल्ली और चेन्नई की ओर जाने वाले दोनों ट्रैक बंद कर दिए गए। इस दौरान 11 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। जानकारी के अनुसार घटना रविवार तडक़े 3 बजे कोसमी इंडस्ट्रियल एरिया के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। 4 घंटे की मशक्कत के बाद करीब 7 बजे डाउन ट्रैक (दिल्ली से चेन्नई) पर सुधार किया गया, जिसके बाद यातायात बहाल कर दिया गया। वहीं, सुबह 8 बजे अप ट्रैक (चेन्नई से दिल्ली) भी शुरू कर दिया गया। केबल गार्ड टूटने के तुरंत बाद रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञ, निरीक्षण दल और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गए। सुधार कार्य के दौरान दिल्ली की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया। चेन्नई की ओर जाने वाली ये ट्रेनें देरी से चल रहीं- राजधानी एक्सप्रेस 2 घंटे, दूरंतो एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, जबलपुर एक्सप्रेस 2 घंटे, पातालकोट एक्सप्रेस 3 घंटे, गोंडवाना एक्सप्रेस साढ़े 3 घंटे, एपी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा और जयंती एक्सप्रेस ढाई घंटा देरी से चल रही हैं। जानकार सूत्रों के अनुसार केबल गार्ड टूटने से नई दिल्ली और चेन्नई की ओर जाने वाले दोनों ट्रैक बंद कर दिए गए। 11 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। पेंचवेली एक्सप्रेस को पांच घंटे बैतूल स्टेशन पर रोका गया। समता एक्सप्रेस मलकापुर 4 घंटे, त्रिकुल एक्सप्रेस ढाई घंटे और जयंती एक्सप्रेस 2 घंटे देरी से चल रही हैं। इन तीनों ट्रेनों को मुलताई में खड़ा किया गया था।
