
मंडला। दिल्ली में हुए ब्लास्ट की घटना के बाद मंडला जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार कड़े कदम उठाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिलेभर में सभी थाना और चौकियों द्वारा सघन वाहन जांच, संदिग्ध स्थानों की तलाशी और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस बल द्वारा प्रमुख मार्गों, हाइवे, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजार क्षेत्रों में वाहनों की गहन जांच की जा रही है। इंटर-स्टेट बॉर्डर नाकों पर भी आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी जारी है। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीओपी मंडला के नेतृत्व में थाना महाराजपुर, कोतवाली और बीडीडीएस टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, नर्मदा घाट, महिष्मति घाट और संगम घाट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सर्च ऑपरेशन किया।थाना और चौकी प्रभारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें जिससे जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
