
छतरपुर। जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 821.8 मिमी औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। 1 जून से 3 सितंबर तक सभी विकासखंडों में कुल 6574.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है। यह जिले की सामान्य औसत वार्षिक वर्षा 1074.9 मिमी का करीब 76.5 प्रतिशत है। अब तक हुई बारिश 32.4 इंच के बराबर है।
विकासखंडवार आंकड़ों में गौरिहार सबसे आगे है, जहां अब तक 1098.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है। इसके बाद बड़ामलहरा में 1009.6 मिमी और लवकुशनगर में 972.0 मिमी बारिश हो चुकी है। लगातार बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
3 सितंबर को जिले में कुल 585.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसमें राजनगर में सबसे अधिक 195.2 मिमी बारिश हुई। वहीं नौगांव में 87.8, लवकुशनगर में 85, छतरपुर में 67, बिजावर में 55, बड़ामलहरा में 42, गौरिहार में 39 और बक्सवाहा में 14.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के इन आंकड़ों के साथ जिले में अब सामान्य वार्षिक औसत का तीन-चौथाई से अधिक पानी बरस चुका है। गौरिहार में वार्षिक औसत का आंकड़ा भी पार हो गया है, जबकि बड़ामलहरा में यह 1000 मिमी से अधिक पहुंच चुका है।
कुटनी बांध के 3 गेट खुले, नदी का जलस्तर 5 से 8 फीट बढ़ने की संभावना
छतरपुर जिले के राजनगर क्षेत्र में कुटनी बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए गुरुवार सुबह बांध के तीन गेट 1.5-1.5 मीटर खोले गए। गेट खुलने के बाद करीब 360 घन मीटर प्रति सेकंड पानी कुटनी नदी में छोड़ा जाएगा।
पानी छोड़े जाने से कुटनी नदी का जलस्तर करीब 5 से 8 फीट तक बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी क्षेत्र में रहने वाले लोगों और ग्रामीणों से सावधानी बरतने तथा नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
