
भोपाल। क्राइम ब्रांच पुलिस ने अशोका गार्डन इलाके में अवैध शराब तस्करी का खुलासा किया. एकतापुरी में पुलिस ने 19 पेटिंयो के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस मौके पर एक गोडाउन को सील करते हुए एक वाहन भी जब्त किया है.
क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के मुताबिक सूचना मिली थी कि एकतापुरी मैदान के पास काले रंग की कार से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ले कर जाई जा रही है. मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने कार में बैठे व्यक्तियों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया. पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना नाम राजेश मीणा (32) रामा अहिरवार (25) और गजेन्द्र रावत (35) वर्ष के रूप में बताई. कार की चेकिंग के दौरान पीछे की सीट और डिग्गी में 19 पेटियों में भरी हुई अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई. पुलिस की जांच में कुल 176.28 लीटर अवैध शराब पाई गई. आरोपियों के पास शराब के संबंध में वैध लाइसेंस भी नहीं मिले. पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रूपए आंकी गई है.
क्राइम ब्रांच की पूछताछ में आरोपी गजेन्द्र ने अवैध रूप से शराब रखने के गोदाम और सप्लाई की जानकारी दी. गोदाम पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए यहां साइन बोर्ड, स्टॉक रजिस्टर, लेखा-जोखा और वैध अभिलेख को भी खंगाला. पुलिस को गोदाम में लगभग 888 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की मिली. गोदाम को सील करते हुए आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई.
