
शाजापुर। मोहन बड़ोदिया तहसील के ग्राम कुम्हारिया खास में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया, जब नर्मदा पाइप लाइन के काम में लगी एक क्रेन असंतुलित होकर ट्रेक्टर पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से ट्रेक्टर चालक की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे राजगढ़ जिले के देहरी बामन पचोर निवासी 22 वर्षीय हरिओम पिता बनेसिंह धाकड़ कुम्हारिया खास में पाइपलाइन कार्य स्थल पर ट्रैक्टर चला रहा था. वहां क्रेन से भी पाइप भेजने का काम किया जा रहा था. उसी समय क्रेन असंतुलित होकर ट्रैक्टर पर गिर गई. क्रेन गिरने से चालक हरिओम उसकी चपेट में आ गया जिसने उसी समय दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. जिन्होंने जेसीबी बुलवाकर क्रेन को हटाया और शव को बाहर निकालकर उसे मोहन बड़ोदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी पहुंचाया. पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण क्रेन का संतुलन बिगडऩा बताया जा रहा है.
क्रेन से पहुंचाए जा रहे थे पाइप
ग्राम कुमारिया खास में पाइपलाइन स्थल बनाया गया है. जहां नर्मदा नदी की पाइपलाइन में उपयोग होने वाले पाइपों को आसपास के क्षेत्रों में पहुंचाया जाता है. मंगलवार को भी क्रेन के माध्यम से पाइप पहुंचाने का काम किया जा रहा था. ऐसे में क्रेन का संतुलन बिगड़ा और ट्रैक्टर चालक उसकी चपेट में आ गया.
