बुधनी। नगर के मुख्य बाजार और सड़क पर अस्थायी अतिक्रमण के चलते न केवल सड़क सिकुड़ गई हैं. बल्कि हर रोज जाम की स्थिति बन रही है. नप ने अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाने का प्लान तैयार कर लिया है. हालांकि नगर परिषद ने दुकानों के बाहर दुकानदारों द्वारा किए अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घण्टे का समय दिया है जिसको लेकर नगर परिषद द्वारा बाजार में मुनादी करवाई गई है. नगर परिषद सख्ती से कारवाई करते हुए अतिक्रमण हटाएगी. ऐसे में नगर परिषद अब जेसीबी मशीन लेकर बाजार में उतरेगी.
तहसील कार्यालय में आगामी त्योहारों को लेकर शांति बैठक बुलाई थी जिसमें त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने एवं साथ ही नगर से जुड़े अन्य मुद्दों विस्तृत चर्चा की गई. एसडीएम डीएस तोमर ने सड़कों पर अस्थाई अतिक्रमण मुक्त करने की बात कही है. इसके पूर्व एसडीएम ने व्यापारी संघ अध्यक्ष व दुकानदारों के साथ एसडीएम, एसडीओपी, नगर परिषद सीएमओ अतिक्रमण हटाने को लेकर बैठक कर चुके हैं. जिसमें 24 घंटे समय दुकानदारों का दिया गया था. इस दौरान कहा गया था कि अतिक्रमण स्वेच्छा से हटा लें वरना प्रशासन द्वारा इस बार सख्ती से कारवाई की जाएगी.
इस मामले में सीएमओ संतोष रघुवंशी ने बताया कि व्यापारी और दुकानदारों को अस्थायी अतिक्रमण हटाने के 24 घंटे का समय दिया गया है. शुक्रवार को बाजारों में मुनादी भी कराई है.
