सूने मकान से लाखों का माल बटोर चलते बने चोर

सीहोर।इन दिनों पुलिस के दुर्दिन चल रहे हैं. रोजाना हो रही चोरी की वारदातों ने जहां लोगों की नींद गायब कर दी है, वहीं पुलिस के होश भी उड़ा रखे हैं. बीती रात फिर चोरों ने नेहरू कालोनी के एक मकान के ऊपरी तल पर धावा बोला और अंदर अलमारी व तिजोरी में रखे लाखों रुपए के जेवर व नगदी लेकर रफूचक्कर हो गए. पीडि़त परिवार रिश्तेदार के श्राद्ध में शामिल होने बीती शाम ही इंदौर गया था. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश प्रारंभ कर दी है.

शहर में इन दिनों चोरी की वारदातों की बाढ़ आ गई है. पांच दिन पहले क्रिसेंट रेसिडेंसी कालोनी से लाखों की माल बटोरने वाले चोरों का सुराग नहीं लगा था कि बुधवार की रात कोतवाली से चंद फर्लांग की दूरी पर पुराना बस स्टैंड की तीन दुकानों और हनुमान मंदिर का ताला चटकाकर चोरों ने सामान और दानराशि पर हाथ साफ कर दिया था. इन वारदातों को देख परेशान पुलिस की दिक्कतों में बीती रात फिर चोरों ने और इजाफा कर दिया. बताया जाता है कि नेहरू कालोनी निवासी ज्वेलर्स राजू झंवर नेहरू कालोनी में किराए के मकान में रहते हैं. उनकी रिश्तेदारी में गुरुवार को श्राद्ध का कार्यक्रम होने के कारण पत्नी दो दिन पहले गई थीं, जबकि वह और उनका बेटा केशव गुरुवार की शाम इंटरसिटी ट्रेन से इंदौर रवाना हुए. इस दौरान मकान में ताला लगा हुआ था. वह घर को सूना छोडऩे से इसलिए भी बेफिक्र थे, क्योंकि मकान के निचले तल में मकान मालिक का परिवार रहता है.

बीती रात चोरों ने मकान में जाने के लिए सीढिय़ों पर लगे दरवाजे का ताला तोड़ा. फिर ऊपर जाकर दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए. पीडि़त परिवार का कहना था कि वह अलमारियों और तिजौरी की चाबी घर में जहां हमेशा रखते थे, वहीं रखकर चले गए थे. चोरों ने वहां से चाबी उठाई और अलमारी के ताले खोलकर उसमें रखी लगभग दस लाख रुपए की ज्वैलरी और चांदी के बर्तन व सिक्कों के अलावा नगदी 80 हजार रुपए ले गए.

शुक्रवार सुबह जब मकान मालिक ने सीढ़ी के दरवाजे का ताला टूटा देखा तो उन्होंने केशव झंवर को फोन किया और पुलिस को भी सूचना दी. वारदात से हलाकान कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. इस दौरान डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट भी बुलाए गए. कुत्ता नेहरू कालोनी से उमराव के बगीचे होता हुआ नाले तक पहुंचा. संभवत: वारदात को अंजाम देने के बाद चोर नाले के रास्ते फरार हुए होंगे. कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है.

 

 

Next Post

सेवा पखवाड़े में वार्ड को दी 17 लाख की सौगात

Sat Sep 20 , 2025
सीहोर। पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर नपा द्वारा सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इसी क्रम में क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ विकास कार्य किए जा रहे हंै. यह बहुत ही सुखद है. हमारे नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर पार्षद साथियों के लिए इस सराहनीय पहल के लिए बधाई. उक्त […]

You May Like

मनोरंजन