इंदौर: युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने के लिए विजयनगर पुलिस ने नशामुक्ति अभियान “नशे से दूरी है जरूरी” की शुरुआत स्कूली बच्चों और कोचिंग संस्थानों से की है.थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने अपनी टीम के साथ बेस्ट सॉल्यूशन कोचिंग संस्था पहुंचकर छात्रों और शिक्षकों को नशे से होने वाले नुकसानों की जानकारी दी और नशा न करने की शपथ दिलाई.
इस अवसर पर करीब 80 से 100 विद्यार्थी और शिक्षक मौजूद थे. थाना प्रभारी पटेल ने बच्चों को सरल और रोचक अंदाज़ में समझाया कि किस तरह नशा धीरे-धीरे व्यक्ति की आदत और फिर लत बन जाता है, जिससे जीवन और परिवार दोनों प्रभावित होते हैं.
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे की चपेट में है तो उसे जागरूक कर नशा छोड़वाने की कोशिश भी समाज की जिम्मेदारी है. पुलिस और छात्रों ने मिलकर एक स्वर में नारा भी लगाया “नशा करता है आदत खराब, मिलकर करो इसका बहिष्कार ” इस दौरान बच्चों के चेहरों पर आत्मविश्वास साफ नज़र आया और उन्होंने भी इस अभियान का हिस्सा बनने का संकल्प लिया.
