आधारभूत ढांचा और मजबूत करने की जरूरत

भारत तेजी से दुनिया के सबसे भरोसेमंद मेडिकल टूरिज्म केंद्रों में अपनी पहचान बना रहा है. वर्ष 2009 में जहां केवल 1.12 लाख विदेशी मरीज इलाज के लिए भारत आए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढक़र 5.07 लाख तक पहुंच गई. मात्र 16 वर्षों में करीब साढ़े चार गुना की यह वृद्धि बताती है कि भारत अब केवल कम लागत वाले इलाज का विकल्प नहीं रहा, बल्कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और विशेषज्ञता का वैश्विक केंद्र बन चुका है. अनुमान है कि 2030 तक देश का मेडिकल टूरिज्म बाजार 1.56 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा. यह न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र की सफलता है, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था, रोजगार और वैश्विक प्रतिष्ठा के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर है.

भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका चिकित्सा कौशल है. यहां विश्वस्तरीय विशेषज्ञ डॉक्टर अपेक्षाकृत कम समय में उपलब्ध हो जाते हैं. जांच, निदान और उपचार की प्रक्रिया तेज है. अस्पतालों में आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और इलाज की लागत पहले से स्पष्ट होने के कारण विदेशी मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है. अमेरिका और यूरोप की तुलना में कई जटिल सर्जरी तथा उपचार भारत में बहुत कम लागत पर उपलब्ध हैं, जबकि गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है. यही कारण है कि बांग्लादेश, इराक, ओमान, केन्या, सोमालिया और उज्बेकिस्तान जैसे देशों के अलावा विकसित देशों के मरीज भी भारत का रुख कर रहे हैं.

सरकार ने भी इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. 172 देशों के नागरिकों के लिए ई-मेडिकल वीजा, मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए ई-मेडिकल अटेंडेंट वीजा और आयुर्वेद, योग तथा अन्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के लिए अलग ई-आयुष वीजा जैसी व्यवस्थाएं भारत को और आकर्षक बनाती हैं. ‘हील इन इंडिया’ जैसी पहल स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास है.

हालांकि, इस सफलता के साथ कुछ महत्वपूर्ण चुनौतियां भी जुड़ी हैं. देश में निजी अस्पतालों का मजबूत नेटवर्क विदेशी मरीजों को आकर्षित कर रहा है, लेकिन यह सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है कि भारतीय नागरिकों की स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका प्रतिकूल प्रभाव न पड़े. मेडिकल टूरिज्म के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में असमानता, बढ़ती लागत और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर सतत निगरानी आवश्यक होगी. यदि स्वास्थ्य सेवाएं केवल भुगतान करने में सक्षम लोगों तक सीमित होने लगें, तो इसका सामाजिक संतुलन प्रभावित हो सकता है.

भारत के लिए यह अवसर केवल आर्थिक लाभ कमाने का नहीं, बल्कि ‘हीलिंग हब’ के रूप में अपनी वैश्विक पहचान मजबूत करने का है. इसके लिए सरकारी और निजी क्षेत्र को मिलकर गुणवत्ता, पारदर्शिता, मरीजों की सुरक्षा, चिकित्सा नैतिकता और अनुसंधान पर समान रूप से ध्यान देना होगा. यदि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार आम भारतीय नागरिकों के हितों के साथ संतुलित रखा गया, तो मेडिकल टूरिज्म भारत की अर्थव्यवस्था का नया विकास इंजन बन सकता है. दुनिया जब भरोसेमंद और किफायती इलाज की तलाश में है, तब भारत के पास चिकित्सा, करुणा और दक्षता,तीनों के बल पर वैश्विक नेतृत्व स्थापित करने का सुनहरा अवसर है.

 

 

Next Post

दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग का नागदा-गोधरा खंड पूरी तरह ‘कवच’ प्रणाली से लैस

Tue Jul 28 , 2026
इंदौर: भारतीय रेल ने यात्री सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल का दिल्ली-मुंबई उच्च घनत्व रेल मार्ग स्थित नागदा–गोधरा रेलखंड अब पूरी तरह स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) प्रणाली ‘कवच’ से सुसज्जित हो गया है. 20 जुलाई […]

You May Like