व्यस्त बाजार में भीषण आग छह दुकानें जलकर खाक

सोनीपत 30 अगस्त (वार्ता) हरियाणा के सोनीपत मे रविवार तड़के शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक में भीषण आग लगने से छह दुकानें जलकर खाक हो गईं। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात रही कि घटना के समय बाजार बंद था और दुकानों में कोई मौजूद नहीं था।

स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देखकर दुकानदारों को सूचना दी। इसके बाद महापौर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। चार दमकल गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग बाजार के पिछले हिस्से में स्थित शानू हैंडलूम के पास बिजली मीटरों के नजदीक से शुरू होने की आशंका है। देखते ही देखते आग दुकानों की कतार में फैल गई। शानू हैंडलूम के अलावा फिरोज और अब्दुल्ला हैंडलूम, पूनम अमरदीप लेडीज सूट्स, हर्षा कॉस्मेटिक्स, नदी मिस्त्री मशीनरी और एमएस गारमेंट्स भी आग की चपेट में आ गए। एक दुकानदार समय रहते अपना सामान निकालने में सफल रहा।

दुकानदार शानू ने बताया कि दुकान में करीब चार से पांच लाख रुपये के कपड़े रखे थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए।

सिविल लाइंस पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई रवि दास मामले की जांच कर रहे हैं। महापौर राजीव जैन ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

उन्होंने जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों से हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि बोर्ड व्यक्तिगत बीमा और पशुधन बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है।

Next Post

ओरछा में भाजपा कार्यसमिति की बैठक: केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड का गेमचेंजर, 21 लाख रोजगार का दावा

Sun Aug 30 , 2026
ओरछा: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बुंदेलखंड के विकास, किसानों, युवाओं, महिलाओं, जनजातीय वर्ग और औद्योगिक विकास को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। मीडिया सेंटर में राजनीतिक प्रस्ताव पर प्रेस-ब्रीफिंग में प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड की तस्वीर […]

You May Like