ओरछा: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बुंदेलखंड के विकास, किसानों, युवाओं, महिलाओं, जनजातीय वर्ग और औद्योगिक विकास को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। मीडिया सेंटर में राजनीतिक प्रस्ताव पर प्रेस-ब्रीफिंग में प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली है और यह क्षेत्र की जीवनरेखा बनने जा रही है। भाजपा ने परियोजना के कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध की कार्यसमिति में भर्त्सना की।कोठारी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति का संदेश सेवा, सुशासन, समरसता और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का है। राजनीतिक प्रस्ताव को उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का दस्तावेज भर नहीं, बल्कि आने वाले समय के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का ‘दिशा-पत्र’ बताया।
30.77 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 21.40 लाख रोजगार का दावा
भाजपा महामंत्री ने मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था में तेजी से हो रही वृद्धि का दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 में प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद 18.48 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 30.77 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 21.40 लाख रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। इनमें से 8.73 लाख करोड़ रुपए के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं।
धार में 2,000 करोड़ रुपए की लागत से पीएम मित्र पार्क विकसित किए जाने और इससे करीब 3 लाख रोजगार अवसरों का लक्ष्य होने की बात भी कही गई। भाजपा ने सेमीकंडक्टर, ड्रोन, स्पेस टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स और तकनीक जैसे नए क्षेत्रों को प्रदेश की आर्थिक वृद्धि का अगला आधार बताया।
बुंदेलखंड पर फोकस, केन-बेतवा को बताया गेमचेंजर
राजनीतिक प्रस्ताव में बुंदेलखंड को विशेष प्राथमिकता दी गई। कोठारी ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से सिंचाई, पेयजल, कृषि, बिजली और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा बुंदेलखंड में समृद्धि के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस महत्वपूर्ण परियोजना का विरोध किया, जिसे भाजपा ने विकास विरोधी मानसिकता बताया।
किसानों के लिए 1.15 लाख करोड़ का बजट
कोठारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में समर्पित किया गया है। कृषि क्षेत्र के लिए 1.15 लाख करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। भाजपा के अनुसार किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के जरिए 84 लाख किसानों को लगभग 1 लाख करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं।
सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक सिंचाई क्षमता को 100 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाना है।
मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को प्रस्ताव में प्रमुखता
कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, तपस्या और सुशासन का अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, स्वास्थ्य, औद्योगिक निवेश और मध्यप्रदेश के विकास को प्रस्ताव में प्रमुखता दी गई।
कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के दौरान भारत ने सेवा और सुशासन को विकास का आधार बनाकर वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने दावा किया कि आज 22 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं।
मोदी से लेकर मोहन यादव और संगठन तक की उपलब्धियां प्रदर्शनी में
ओरछा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें गुजरात के औद्योगिक विकास से लेकर केंद्र सरकार की गरीब, महिला, किसान और युवा केंद्रित योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में मध्यप्रदेश में हुए कार्यों और योजनाओं तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल में संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के लिए किए गए प्रयासों को भी प्रदर्शनी में जगह दी गई।
अलग-अलग वर्गों के मुद्दों पर नेताओं ने रखे प्रस्ताव
कार्यसमिति में जनजातीय वर्ग के उत्थान से जुड़े प्रस्ताव का समर्थन राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने किया। औद्योगिक विकास और रोजगार से संबंधित प्रस्ताव उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, किसानों से संबंधित प्रस्ताव किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, महिलाओं से संबंधित प्रस्ताव पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस तथा युवाओं से जुड़े प्रस्ताव विधायक अभिलाष पांडेय और वैभव पंवार ने रखे।
बैठक की शुरुआत भाजपा के ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
