इंदौर. स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के परिणाम बुधवार सुबह 11 बजे घोषित किए जाएंगे. केंद्रीय आवास और शहरी विकास मंत्रालय द्वारा दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति विजयी शहरों के महापौर एवं आयुक्त को सम्मानित करेगी. इंदौर पिछले आठ सालों से स्वच्छता में लगातार नंबर वन पर काबिज हैं. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में इंदौर को देपालपुर का मेंटर शहर बनाकर स्वच्छता सुधारने की जिम्मेदारी भी दी गई थी. बताया जा रहा है कि इंदौर सहित प्रदेश के 9 शहरों को पुरस्कृत करने के लिए चुना गया है.
कल 11 नवंबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में सुबह 11 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वच्छता सर्वेक्षण के विजेता शहरों को सम्मानित करेंगी. उक्त कार्यक्रम केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश में स्वच्छता की विभिन्न श्रेणियों में नगर निगमों को पुरस्कृत किया जाएगा. देश में स्वच्छता को लेकर लगातार आठ वर्षों तक देश का नंबर वन रहने वाला इंदौर इस बार भी अपनी बादशाहत कायम रखने की उम्मीद लगाए बैठा है. इसके साथ ही इंदौर समेत प्रदेश के 9 शहर अवार्ड के लिए चुने गए है.
इंदौर सुपर स्वच्छ लीग में
स्वच्छता में इस बार इंदौर को सुपर स्वच्छता लीग में शामिल किया गया है, जिसमें इंदौर का मुकाबला गुजरात के सूरत, महाराष्ट्र के नवी मुंबई और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर से है. इस बार इंदौर को सामान्य शहरों की रैंकिंग के बजाय सुपर स्वच्छ लीग में शामिल किया गया है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इंदौर अपनी सफाई व्यवस्था, नागरिकों की भागीदारी और कचरा प्रबंधन के दम पर एक बार फिर देश में अपनी मजबूत पहचान कायम रख पाता है या नहीं?
स्वच्छता सूची में प्रदेश की 9 शहर होंगे सम्मानित
– बुधनी
– देपालपुर
– देवास
– ग्वालियर
– इंदौर
– जबलपुर
– रीवा
– सागर
– उज्जैन
देश के 4909 शहरों के बीच मुकाबला
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश के करीब 4909 शहरों को शामिल किया गया है. इस बार सर्वेक्षण में कुल 12500 अंकों के आधार पर शहरों की स्वच्छता व्यवस्था का आकलन किया गया है. कचरा संग्रहण, परिवहन और निपटान के साथ सफाई व्यवस्था, नागरिकों की भागीदारी, शिकायतों के निराकरण और शहरों में स्वच्छता बनाए रखने की व्यवस्था को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया है.
