काम्या पंजाबी जल्द ही नए शॉर्ट ड्रामा शो ‘एक था दीवाना’ में नजर आएंगी, जिसमें वह एक चालाक सौतेली मां कौशल्या की भूमिका निभा रही हैं। काम्या ने बताया कि वे हर किरदार में कुछ नया करने की कोशिश करती है।
टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी अब एक बार फिर दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं। वह जल्द ही नए शॉर्ट ड्रामा शो ‘एक था दीवाना’ में नजर आने वाली हैं। टीवी पर अपने दमदार और यादगार किरदारों से पहचान बना चुकीं काम्या इस बार एक चालाक सौतेली मां कौशल्या का किरदार निभा रही हैं। कहानी एक अमीर बिजनेसमैन की जिंदगी के उतार-चढ़ाव, प्यार, धोखे और महत्वाकांक्षा के इर्द-गिर्द घूमती है। पॉकेट टीवी पर प्रसारित होने जा रही यह सीरीज तेज रफ्तार कहानी, दिलचस्प ट्विस्ट और काम्या की मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस से भरपूर है।
काम्या पंजाबी ने इस शो से जुड़ने के पीछे की अपनी प्रेरणा शेयर करते हुए कहा कि हर प्रोजेक्ट के लिए मेरा मकसद कुछ नया करना और कहानी से जुड़ाव महसूस करना होता है। इस प्लेटफॉर्म के बारे में मैंने बहुत सुना था कि यह रोमांचक और दिलचस्प है। ‘एक था दीवाना’ की कहानी में प्यार, रोमांस और ड्रामा सब कुछ था, और मेरा किरदार इसमें अहम था। इसलिए मैंने सोचा कि ऐसे अच्छे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना शानदार रहेगा।
