इंदौर:गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले के आशापुरा गांव में नवनिर्मित कामधेनु गौशाला का लोकार्पण किया. करीब 26.041 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस गौशाला की कुल लागत लगभग 25 करोड़ रुपये है. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गौशाला परिसर में 100 टन गोबर से निर्मित विशाल गोवर्धन पर्वत का विधि-विधान से पूजन कर परिक्रमा की.
नगर निगम द्वारा विकसित इस गौशाला में 550 गोवंश के साथ गोसेवा की शुरुआत की गई है. यहां निराश्रित गोवंश के संरक्षण और देखभाल के साथ देशी नस्ल की गायों के संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गौशाला में आईवीएफ सेंटर भी विकसित किया जाएगा. अब तक विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों पर करीब 16 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं. इनमें लगभग 11 करोड़ रुपये के कार्य दानदाताओं के सहयोग से सीएसआर मद में कराए गए हैं. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कामधेनु गौशाला गोवंश संरक्षण और संवर्धन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी. प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल निराश्रित गोवंश को आश्रय देना नहीं, बल्कि देशी नस्लों का संरक्षण, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाना भी है. इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में आईवीएफ तकनीक के माध्यम से उन्नत नस्ल की बछिया तैयार करने की परियोजना को मंजूरी दी गई है. इससे प्रदेश में गोवंश की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा. मुख्यमंत्री ने गौशाला निर्माण में सहयोग के लिए नगर निगम इंदौर, जिला प्रशासन और दानदाताओं का आभार जताया.
विजेताओं को किया पुरस्कृत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोपाल कृष्ण ग्राम योजना प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया. उन्होंने कहा कि देशी गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के अभियान को प्रदेश में जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है. कामधेनु गौशाला का लोकार्पण धार्मिक आस्था के साथ गोवंश संरक्षण, देशी नस्लों के संवर्धन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है.
