मप्र प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की बैठक 

खण्डवा। म.प्र. प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को आयोग की बैठक आयोजित की गई। आयोग के अध्यक्ष श्री मिश्रा ने इस अवसर पर बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए भौगोलिक परिस्थितियों और जन अपेक्षाओं के आधार पर जनोन्मुखी एवं सुलभ प्रशासन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संभाग, जिला, तहसील और विकासखंड जैसी प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की अनुशंसा के लिए आयोग का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन और युक्तियुक्तकरण का उद्देश्य प्रशासकीय कार्यों की दक्षता को बढ़ाना और सुलभ प्रशासन उपलब्ध कराना है।आयोग के सदस्य श्री शुक्ला ने इस दौरान बताया कि आयोग के पोर्टल के माध्यम से प्रशासकीय इकाइयों के पुनर्गठन के लिए सुझाव प्रस्तुत किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से प्राप्त सुझावों पर जिला कलेक्टर विचार कर अपनी अनुशंसा सहित आयोग को भेजेंगे। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि जिला और सब डिवीजन स्तर पर भी बैठकर आयोजित कर प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के संबंध में सुझाव प्राप्त किए जाएं। आयोग के सदस्य श्री शुक्ला ने बैठक में बताया कि ग्राम पंचायत, राजस्व निरीक्षक मंडल स्तर, तहसील स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में एक वृहद बैठक आयोजित की जाए और उसमें प्रशासकीय इकाइयों के युक्तियुक्तकरण संबंधी प्रस्ताव तैयार किए जाएं। जिले की सभी तहसीलों और अनुविभागों की बैठकों के बाद कलेक्टर अपने स्तर पर अधीनस्थों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर अंतिम प्रस्ताव तैयार कर आयोग के पोर्टल पर अपलोड करेंगे। आयोग द्वारा केवल कलेक्टर द्वारा प्रेषित इस अंतिम प्रस्ताव की ही समीक्षा की जाएगी और प्राप्त सुझावों के आधार पर प्रशासकीय इकाइयों के पुनर्गठन के संबंध में अनुशंसा की जाएगी। आयोग के सचिव श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि खंडवा जिले के अधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, इस ग्रुप के माध्यम से अधिकारी अपने सुझाव एवं जानकारी शेयर कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आज आयोजित बैठक की फॉलोअप कार्यवाही पूर्ण करने के लिए अगली मीटिंग आज से 3 माह बाद पुन: खंडवा में आयोजित की जाएगी। बैठक में आयोग के सदस्य मुकेश कुमार शुक्ला तथा सचिव अक्षय कुमार सिंह के अलावा कलेक्टर ऋषव गुप्ता, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा एवं जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी एवं सभी प्रमुख विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।

Next Post

जिले में नेशनल लोक अदालत में 1905 प्रकरणों का हुआ आपसी समझौते से निराकरण

Sat Dec 13 , 2025
सिंगरौली। जिले में आज दिन शनिवार को न्याय का मानवीय चेहरा देखने को मिला, जब वर्ष 2025 की अंतिम नेशनल लोक अदालत में 1905 प्रकरणों का आपसी समझौते से निराकरण किया गया। जिला न्यायालय बैढ़न, देवसर एवं सरई में आयोजित नेशनल लोक अदालत में वर्षो से लंबित मामलो का चन्द […]

You May Like