आसमान में उड़ते जलते हिंगोट और बारूद की आवाज से माहौल बना रोमांचक

इंदौर: सोमवार शाम गौतमपुरा के मैदान में धोक पड़वा पर परंपरागत हिंगोट युद्ध हुआ. तुर्रा और रूणजी के कलंगी दल के योद्धा आमने सामने उतरे, दोनों ओर से जलते हिंगोट फेंके गए. परंपरा को लेकर लोगों में उत्साह था कि समापन की घोषणा के बाद भी मैदान में लड़ाके डटे रहे.गौतमपुरा के तुर्रा दल की ओर से पहला जलता हिंगोट फेंके जाने के साथ ही युद्ध का आगाज हुआ. इसके बाद दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे पर हिंगोट बरसाने का सिलसिला शुरू हो गया. जैसे जैसे अंधेरा बढ़ा, आसमान में उड़ते जलते हिंगोट और बारूद की आवाज ने मैदान का माहौल रोमांचक बना दिया.

योद्धा ढाल से एक दूसरे के हिंगोट का सामना करते रहे. मैदान के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद दर्शक इस पारंपरिक मुकाबले को देखते रहे. दर्शकों की सुरक्षा के लिए मैदान और उनके बीच जालियां लगाई गई थीं. पुलिस बल के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस भी तैनात रही. आयोजकों की ओर से युद्ध समाप्त होने की घोषणा भी की गई, लेकिन इसके बाद भी कुछ योद्धा मैदान में डटे रहे और मुकाबला जारी रखने की कोशिश करते नजर आए. मुकाबले के दौरान जलते हिंगोट की चपेट में आने से 20 से अधिक लोग घायल हुए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.

क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल भी हिंगोट युद्ध देखने गौतमपुरा पहुंचे. उन्होंने इस आयोजन को वर्षों पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा बताते हुए हिंगोट युद्ध के मैदान के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता देने की बात कही. करीब 200 साल पुरानी मानी जाने वाली यह परंपरा आज भी मालवा की अलग पहचान बनी हुई है. हिंगोरिया पेड़ के फल को सुखाकर उसके खोल में बारूद भरी जाती है. फिर उसमें बांस की कमची लगाकर उसे जलते अग्निबाण के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. गौतमपुरा का तुर्रा दल और रूणजी का कलंगी दल हर साल धोक पड़वा पर इस परंपरा को निभाते हैं.

Next Post

परमात्मा शिव से बुद्धियोग जोडऩे से जागृत होती है आत्मा की ज्योति: उप मुख्यमंत्री

Tue Nov 10 , 2026
रीवा: दीपावली केवल बाहरी दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि आत्मा की ज्योति जागृत करने और जीवन में श्रेष्ठ संस्कार धारण करने का आध्यात्मिक महापर्व है. परमात्मा शिव से बुद्धियोग जोडऩे पर आत्मा में ज्ञान, प्रेम, शांति और पवित्रता का प्रकाश जागृत होता है. इसी आध्यात्मिक संदेश के साथ 8 […]

You May Like