परमात्मा शिव से बुद्धियोग जोडऩे से जागृत होती है आत्मा की ज्योति: उप मुख्यमंत्री

रीवा: दीपावली केवल बाहरी दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि आत्मा की ज्योति जागृत करने और जीवन में श्रेष्ठ संस्कार धारण करने का आध्यात्मिक महापर्व है. परमात्मा शिव से बुद्धियोग जोडऩे पर आत्मा में ज्ञान, प्रेम, शांति और पवित्रता का प्रकाश जागृत होता है. इसी आध्यात्मिक संदेश के साथ 8 नवंबर को ब्रम्हाकुमारीज़ शांतिधाम, झिरिया, रीवा में दीपावली आध्यात्मिक उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. ब्रह्मकुमारीज़ परिवार की ओर से उनका आत्मीय अभिनंदन एवं विशेष सम्मान किया गया.

उप मुख्यमंत्री ने ब्रह्मकुमारीज़ की आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि भारत को पुन: विश्वगुरु बनाने में संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है. समाज के विभिन्न क्षेत्रों में आध्यात्मिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों और मानवीय संस्कारों के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज़ ने उल्लेखनीय योगदान दिया है. उन्होंने रामराज्य की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सेवा और कर्तव्य मार्ग पर चलकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है. रामराज्य की स्थापना के लिए प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में प्रेम, सद्भावना और श्रेष्ठ संस्कार आवश्यक हैं. उन्होंने अपनी दिनचर्या का उल्लेख करते हुए बताया कि वे स्वयं भी नियमित मेडिटेशन करते हैं और प्रात: 4 बजे ब्रह्ममुहूर्त में उठकर आध्यात्मिक अभ्यास करते हैं. उन्होंने कला एवं संस्कृति के माध्यम से पारिवारिक सद्भावना और सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की.
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उप मुख्यमंत्री का मेडिटेशन कक्ष में सहभागी होना रहा. उन्होंने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से अपनी बुद्धि का योग परमात्मा शिव से जोडक़र आत्मिक शांति एवं परमात्म अनुभूति का अभ्यास किया. इस अवसर पर महालक्ष्मी देवी मां का विधिवत पूजन किया गया तथा परमपिता परमात्मा शिव बाबा पर पुष्प अर्पित किए गए. उप मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित साधकों ने स्थूल दीपक प्रज्वलित करने के साथ आत्मा का दीपक भी जलाने का संकल्प लिया. सभी ने अपने जीवन से बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को धारण करने तथा प्रेम, शांति, पवित्रता और सद्भावना को व्यवहार में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं ब्रह्मकुमारीज़ रीवा क्षेत्र की क्षेत्रीय संचालिका बीके लता दीदी ने कहा कि दीपावली का वास्तविक महत्व केवल घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि अंतर्मन को ज्ञान और आध्यात्मिक शक्तियों से प्रकाशित करने में है. राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से आत्मा में शांति, पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कार जागृत होते हैं. उन्होंने सभी से अपने जीवन में प्रेम, सहयोग, आपसी सम्मान और सद्भावना को अपनाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों की भी सहभागिता रही. इनमें प्राचार्य आईटीआई दीपक तिवारी, पूर्व बैंक मैनेजर श्रीमती शिखा चिटके, पूर्व बैंक मैनेजर राजभान पटेल तथा मध्य प्रदेश की सबसे कम उम्र की आईटीआई ट्रेनर के रूप में पहचान रखने वाली 19 वर्षीय रितिका पटेल एवं दूसरी सबसे कम उम्र की आईटीआई ट्रेनर 19 वर्षीय कृतिका पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं. इन दोनों युवा बहनों ने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक चिंतन को नई दिशा देने की प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की.
कार्यक्रम में पचमठा धाम के ब्रम्हचारी विजय शंकर महाराज, बीके विजयदेव, अतुल जैन, डॉ. रोहित थापर, निलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी अवधेश श्रीवास्तव, अंकु तिवारी, बीके नम्रता बहन, बड़ी संख्या में ब्रह्मकुमारीज़ के सदस्य, श्रद्धालुगण एवं मातृशक्ति ने सहभागिता की.

Next Post

चित्रकूट के गधा मेले में 72 हजार में बिका सबसे महंगा गधा, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

Tue Nov 10 , 2026
सतना। धार्मिक नगरी चित्रकूट में दीपावली के दूसरे दिन सोमवार सुबह 6 बजे मंदाकिनी नदी के किनारे पारंपरिक गधा मेले का आयोजन किया गया। सदियों पुरानी इस परंपरा के तहत लगे मेले में इस बार भी गधों की खरीद-बिक्री को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और […]

You May Like