खेतों की आग ने मचाई तबाही, पोल्ट्री फार्म में जिंदा जलीं 6 हजार मुर्गियां; लाखों का नुकसान

बैतूल। जिले में आगजनी की एक बड़ी और दर्दनाक घटना सामने आई है। खेतों में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित एक पोल्ट्री फार्म तक पहुंच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पोल्ट्री फार्म में रखी हजारों मुर्गियां उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 6 हजार से ज्यादा मुर्गियां झुलसकर मर गईं।

जानकारी के अनुसार घटना प्रभातपट्टन ब्लॉक के इटावा मार्ग की है। बताया जा रहा है कि खेतों में अचानक आग लग गई थी, जो तेज हवा के कारण तेजी से आसपास के क्षेत्र में फैल गई। कुछ ही समय में आग पास के पोल्ट्री फार्म तक पहुंच गई और वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

इस आगजनी में पोल्ट्री फार्म को भारी नुकसान पहुंचा है। मुर्गियों के अलावा फार्म में रखा सामान, कृषि उपकरण और खेतों में खड़ी फसल भी जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कुल नुकसान 15 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवार से जानकारी लेकर पंचनामा तैयार किया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अचानक हुई इस भीषण आगजनी से किसान परिवार गहरे सदमे में है। मेहनत से तैयार किया गया पोल्ट्री व्यवसाय और खेती कुछ ही देर में राख में बदल गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वहीं आग लगने के कारणों की जांच भी की जा रही है।

 

Next Post

राजवाड़ा, पलासिया होते हुए फायर स्टेशन तक निकाली गई फायर रैली

Wed Apr 15 , 2026
इंदौर: आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा दिवस के अवसर पर आज फायर स्टेशन मोती तबेला, इन्दौर पर एक व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व प्रमुख अधीक्षक आशीष कुमार पाठक द्वारा किया गया, जिसमें अग्निशमन सेवा के समस्त फायर कर्मियों की सक्रिय […]

You May Like