भोपाल: मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुए जब क्षेत्र में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब था। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है।
इधर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को आवश्यक तैयारियां रखने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नर्मदापुरम जिले के इटारसी में अच्छी बारिश की कामना को लेकर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक आस्था के तहत शिवलिंग को जल में स्थापित कर विशेष पूजा-अर्चना की। मौसम विभाग ने नागरिकों से मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
