आष्टा. नगर के कन्नोद रोड़ स्थित कीटनाशक दवा विक्रेता मेसर्स अं िबका पाटीदार ट्रेडर्स को अमानक फफूंदनाशक दवा बेचने पर सील कर दिया गया है. गौरतलब है कि विकासखंड के लगभग 115 से 120 किसानों ने सोयाबीन बीज के उपचार के लिए फफूंदनाशक दवा मेसर्स अ िबका पाटीदार ट्रेडर्स से खरीदी थी. इस दवा के उपयोग के बाद फसल में अंकुरण आया लेकिन पौधों में वृद्धि नहीं हो पाई. किसानों ने ज्ञापन दिया है कि क्षेत्र की लगभग 1500 एकड़ की सोयाबीन फसल नष्ट हो गई है. शिकायत की जांच के लिए कृषि विभाग ने सहायक संचालक के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी. जांच में टीम द्वारा शिकायत सही पाई गई. शिकायत सही पाए जाने पर दवा विक्रेता की दुकान मेसर्स अम्बिका पाटीदार ट्रेडर्स को सील कर दिया गया है. इसके साथ ही कृषि विभाग द्वारा संबंधित विक्रेता और निर्माता कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि जिन किसानों का नुकसान हुआ हैं उन किसानों से समन्वय स्थापित कर समस्या का निराकरण करें और 03 दिनों में विभाग को अवगत कराएं. निराकरण न करने की स्थिति में विक्रेता और निर्माता कंपनी के विरूद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी. गौरतलब है कि क्षेत्र में एक बार फिर खरीफ सीजन में कतिपय कीटनाशक विक्रेताओं द्वारा अमानक स्तर के कीटनाशक भोले भाले किसानों को बेचे जा रहे हैं, जिससे सोयाबीन के पौधों की बढ़वार नहीं हो पा रही है.
