पत्नी की बेरहमी से हत्या, दरवाजा खुलते ही सहम गए पड़ोसी

रतलाम। शहर के व्यस्त चांदनी चौक स्थित सुनार बावड़ी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। घर के भीतर से उठ रही चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़ते हुए पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कमरे के भीतर खून से लथपथ महिला पड़ी थी और उसका पति वहीं मौजूद था। यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय असगर अली ने अपनी 33 वर्षीय पत्नी रुकैया की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के समय घर में दंपती की 7 वर्षीय बेटी और 2 वर्षीय बेटा भी मौजूद थे। इस घटना ने दोनों मासूम बच्चों से उनकी मां का साया छीन लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला की चीख सुनकर वे घर के अंदर पहुंचे तो आरोपी पत्नी के ऊपर बैठा था और उस पर लगातार वार कर रहा था। लोगों को देखकर वह चिल्लाने लगा, जिससे घबराकर पड़ोसी बाहर निकल आए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी के माता-पिता घर के ऊपरी हिस्से में नहीं थे। नीचे स्थित हार्डवेयर की दुकान पर मौजूद दादा को वारदात की जानकारी 7 वर्षीय बेटी ने दी। इसके बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी असगर अली को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और परिजनों व पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। रविवार दोपहर हुई इस वारदात ने पूरे शहर में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया।

Next Post

लहसुन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

Sun Aug 2 , 2026
रतलाम/नामली। जिले में खेतों और सुनसान मकानों को निशाना बनाकर कृषि उपज चोरी करने वाले गिरोह का नामली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और लगातार की गई पतारसी के आधार पर पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 8 कट्टे […]

You May Like