लहसुन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

रतलाम/नामली। जिले में खेतों और सुनसान मकानों को निशाना बनाकर कृषि उपज चोरी करने वाले गिरोह का नामली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और लगातार की गई पतारसी के आधार पर पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 8 कट्टे लहसुन तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की ईको वाहन जब्त की है। जब्त मश्रुका की कुल कीमत 4 लाख 15 हजार 400 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पलदूना निवासी प्रहलाद धाकड़ ने 26 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नए मकान का ताला तोडक़र अज्ञात बदमाश छह-सात कट्टे लहसुन चोरी कर ले गए। मकान में कृषि उपज रखी जाती थी और घटना रात के समय हुई थी। शिकायत पर नामली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध ईको वाहन की आवाजाही और तकनीकी इनपुट के आधार पर बड़ावदा निवासी मोहम्मद हुसैन कुरेशी तक पुलिस पहुंची। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उसकी निशानदेही पर ग्राम बनवाड़ा निवासी राजू दमामी और सरवन नायक बाछड़ा को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 कट्टे लहसुन और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की ईको वाहन जब्त की। अब आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी के संबंध में भी पूछताछ की जा रही हैं।

Next Post

पॉइंट्समैन को दिया गया प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण 

Sun Aug 2 , 2026
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में यात्रियों और रेलकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पॉइंट्समैन कर्मचारियों के लिए प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित के निर्देशन एवं मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित इस […]

You May Like