
नरसिंहपुर: मध्यप्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री स्वर्गीय कर्नल अजय नारायण मुशरान की 94वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को नरसिंहपुर में एक गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें ससम्मान याद किया तथा उनके आदर्शपूर्ण सार्वजनिक जीवन को नमन किया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, राज्यसभा सांसद विवेक तनखा और अशोक सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन. पी. प्रजापति, पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह सहित पूर्व मंत्रियों जयवर्धन सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, सुखदेव पांसे, विजयलक्ष्मी साधो, लखन घनघोरिया, पी.सी. शर्मा, तरुण भनोत और ओमकार मरकाम ने उपस्थिति दर्ज की।
इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं, विधायक आरिफ मसूद और रजनीश सिंह, पूर्व विधायक संजय शर्मा, संजय यादव, विपिन वानखेड़े, सुनील जायसवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल तथा युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वक्ताओं ने मुशरान के सरल, ईमानदार और निष्ठापूर्ण सार्वजनिक जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि वे स्वच्छ राजनीति और जनसेवा के प्रतीक थे, जिनके मूल्य और विचार आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
इसी अवसर पर नेताओं ने नरसिंहपुर में नए जिला कांग्रेस कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह नया कार्यालय संगठन सुदृढ़ीकरण, जनसंपर्क और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का एक सक्रिय केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हॉक फोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने उनके बलिदान को साहस और कर्तव्यनिष्ठा का अद्वितीय प्रतीक बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
