इंदौर:तुकोगंज क्षेत्र स्थित होटल सरोवर पोर्टिको की पार्किंग में खड़ी कार से सोने की चेन और अंगूठी चोरी होने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि उज्जैन में रहने वाली डॉ. अदिति पाराशर अपने पति पवित्र पाराशर के साथ इंटरव्यू के सिलसिले में होटल सरोवर पोर्टिको आई थीं. उन्होंने अपनी कार में रखी सोने की चेन और जेंट्स अंगूठी सुरक्षित समझकर डिग्गी के ग्लव बॉक्स में रख दी थी.
इसके बाद पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए कार की चाबी होटल के कर्मचारी को सौंप दी. इंटरव्यू से लौटने पर जब उन्होंने कार की डिग्गी खोली तो वहां रखी जेवरात गायब थे और केवल खाली डिब्बी मिली. आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर चोरी को अंजाम दिया. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पार्किंग स्टाफ से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
