इंदौर: शहर के सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में इस बार गणेशोत्सव के दौरान आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. ‘नमो शक्ति परिवार’ द्वारा आयोजित ‘खुशियों के गणेश’ पंडाल में इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक और कलात्मक आकर्षण तैयार किया गया है. यहाँ आने वाले भक्तों को भगवान गणेश के दर्शन के साथ-साथ कई प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा जैसा दिव्य अनुभव प्राप्त हो रहा है.
एक ही पंडाल में अनेक धार्मिक स्वरूपों के दर्शन
पंडाल में प्रवेश करते ही सबसे पहले बाल रूप में मुस्कुराते हुए खुशियों के गणेश के दर्शन होते हैं. इसके बाद श्रद्धालु एक गुफा से होकर पहाड़ों की यात्रा करते हुए माता वैष्णो देवी के दरबार पहुँचते हैं. यात्रा के आगे बढ़ने पर भगवान तिरुपति बालाजी, माँ नर्मदा, प्राकृतिक झरने के बीच विराजे योगी आदिनाथ (भगवान शिव), और फिर घने जंगल के सुंदर दृश्य के साथ सांवरिया सेठ के अलौकिक दर्शन होते हैं.
भव्य साज-सज्जा और कुशल प्रबंधन
आयोजन समिति नमो शक्ति परिवार के अध्यक्ष सागर आरीजा ने बताया कि इस बार पंडाल का मुख्य ध्येय श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर अलौकिक और आनंदमयी धार्मिक अनुभव कराना है. पंडाल के इस अनोखे सेट और भव्य डेकोरेशन की पूरी जिम्मेदारी यशिका इवेंट्स की टीम ने संभाली है. यशिका इवेंट्स के संचालक दिनेश हिंगले एवं अमित हिंगले के नेतृत्व में इस पूरे धार्मिक थीम और भव्य साज-सज्जा की संकल्पना को साकार रूप दिया गया है. पंडाल में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, और यह मनमोहक झांकी इंदौर शहर में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
