कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में नगर कीर्तन के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील लॉन में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गोविंद नगर निवासी राजवंश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर कीर्तन के दौरान राजवंश सिंह को कुछ लोगों ने कथित तौर पर घेर लिया और उन पर खंजर से हमला कर दिया। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खंजर उनकी पीठ के आर-पार घुसने की बात सामने आई है। घटना में एक-दो अन्य लोगों के हाथ में भी चोट लगने की सूचना है।
तरनदीप और तूफान सिंह समेत 10 लोगों पर आरोप
प्रारंभिक जानकारी में तरनदीप सिंह और तूफान सिंह समेत करीब 8 से 10 लोगों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बर्रा क्षेत्र के रहने वाले हैं। हालांकि, आरोपियों की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्वरूप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विवाद की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
