इंदौर: चंदननगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के बैंक खाते से बिना ओटीपी के 1 लाख 34 हजार रुपए निकलने का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले मे प्रकरण दर्ज किया है.पुलिस के अनुसार 73-बी गली नंबर 1, चंदननगर में रहने वाले 33 वर्षीय जुनैद खान के बैंक ऑफ इंडिया खाते से कल शाम 7:15 से 7:35 बजे के बीच अचानक रकम कटने लगी.
शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया और न ही किसी को ओटीपी साझा किया. खाते से पहली बार 1 रुपए, फिर 99,999 रुपए, फिर 30,000 रुपए और 4,000 रुपए की राशि यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर हुई. इस तरह कुल 1,34,000 रुपए की निकासी होने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. चंदननगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन की जानकारी खंगाली जा रही है.
