खरीदी केंद्रों पर तकनीकी अड़ंगा: सर्वर डाउन और असत्यापित रकबे के कारण किसान परेशान

बनखेड़ी। बनखेड़ी क्षेत्र में चना एवं गेहूं की खरीदी प्रक्रिया शुरू होते ही व्यवस्थाओं की खामियां सामने आने लगी हैं। गुरुवार से चना खरीदी प्रारंभ हो गई है और किसानों की स्लाइड बुकिंग भी हो चुकी है, लेकिन पंजीयन में रकवे असत्यापित होने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कई किसान अपनी उपज लेकर मंडी प्रांगण स्थित खरीदी केंद्र पहुंचे और चना ट्रॉलियों से खाली भी कर दिया, लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि उनका रकवा असत्यापित है। इस स्थिति से किसान बेहद चिंतित और परेशान नजर आए।

समस्या के समाधान के लिए किसानों ने तत्काल हल्का पटवारी से संपर्क किया, लेकिन पटवारी ने इसे उच्च स्तर का मामला बताया। इसके बाद किसान तहसील कार्यालय पहुंचे, मगर पिपरिया में बैठक होने के कारण कोई जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध नहीं मिला।

यही स्थिति गेहूं खरीदी में भी देखने को मिल रही है। छोटे किसानों के खसरों को असत्यापित बताया जा रहा है, जिससे उनकी स्लाइड बुकिंग नहीं हो पा रही है। वहीं मध्यम और बड़े किसान भी स्लाइड बुकिंग में देरी से चिंतित हैं।

किसान की पीड़ा

किसान नर्मदाप्रसाद पटेल ने बताया कि उनके कुछ खसरे सत्यापित हैं, जबकि कुछ असत्यापित बताए जा रहे हैं। उन्हें इसकी जानकारी उसी दिन मिली, जिसके कारण उनकी उपज बिक नहीं पा रही है।

प्रशासन का पक्ष

तहसीलदार अंजू लोधी ने बताया कि सभी खसरों का सत्यापन कर दिया गया है, लेकिन सर्वर संबंधी समस्या के कारण कुछ खसरे असत्यापित दिख रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम एवं जेएसओ को सूचित कर दिया गया है और समस्या के समाधान के प्रयास जारी हैं।

Next Post

सीएम डॉ यादव से क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने सौजन्य भेंट की

Thu Apr 9 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य क्रांति गौड़ ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर खेल संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ को आगे भी इसी तरह राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर […]

You May Like