इंदौर: राऊ इलाके में मंगलवार दोपहर थाने के ठीक सामने सड़क पार करना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हो गया. तेज रफ्तार बस ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी और मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर जमा लोगों ने बस को घेर लिया, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि मृत महिला का नाम विद्या पति भागीरथ पाटीदार हैं, जो राऊ थाना क्षेत्र की रहने वाली है. वह दोपहर के समय घर से राशन लेने कंट्रोल जा रही थी.
जैसे ही वह थाने के सामने सड़क पार कर रही थी, उसी दौरान तेज गति से आ रही बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज जांच शुरु की. हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा तफरी मच गई थी, गुस्साए लोगों ने बस को रोक लिया था, इसी बीच मौके का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बस जब्त कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चालक की पहचान की जा रही है.
पति और इकलौते बेटे की पहले ही हो चुकी है मौत
परिजनों का कहना है कि विद्या पहले ही परिवार में हुए दो बड़े हादसों का दर्द झेल चुकी थी. उनके पति की करीब 12 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी, जबकि इकलौते बेटे राकेश का निधन कोरोना काल में हुआ था. परिवार में अब केवल बहू और 15 साल का पोता बचा है. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है. घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया
