
बुरहानपुर। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के निर्देशानुसार जिले में यात्री वाहनों की सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज परिवहन विभाग की टीम द्वारा बुरहानपुर बस स्टैंड पर लगभग 20 बसों की जांच की गई।
जांच के दौरान बसों के फिटनेस, परमिट एवं यात्री सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा बसों में अग्निशमन यंत्र, फस्र्ट एड बॉक्स, आपातकालीन द्वार तथा किराया सूची सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 6 बसों में लगे प्रेशर हॉर्न निकलवाए गएए जबकि एक बस का फ्रंट बम्पर निकलवाया गया। इसी प्रकार शहर में कार्रवाई करते हुए 3 ऑटो एवं 3 ट्रैक्टर.ट्रॉली सहित कुल 6 वाहनों को जब्त किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रकरणों में 41 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
यात्रियों को सुरक्षा प्रावधानों की दी जानकारी:- जिला परिवहन अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि बस स्टैंड पर पीए सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को बसों में उपलब्ध आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बस संचालकों एवं चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों की पूर्ति सुनिश्चित करने के उपरांत ही वाहनों का संचालन करें। सुरक्षा प्रावधानों की अनदेखी अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
