
रीवा। शहर के प्रमुख मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण और आवागमन में हो रही बाधाओं की शिकायतों को लेकर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने बुधवार को अतिक्रमण दस्ता को समक्ष बुलाकर कड़ी फटकार लगाई.
निगम आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अतिक्रमण नियंत्रण निगम की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, और इसमें लापरवाही या दिखावटी कार्यवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने जयस्तंभ से धोबिया टंकी एवं अन्य मुख्य मार्गों से योजना बनाकर नियमित रूप से अतिक्रमण अभियान चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी दस्ता मौके पर जाकर समान रूप से कार्यवाही करे, साथ में क्षेत्र में किसी प्रकार का पक्षपात न हो ये भी सुनिश्चित की जाए. निगम आयुक्त ने कहा कि आमतौर पर रास्तों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने के बाद पुन: अतिक्रमण कर लिया जाता है ऐसी स्थिति में हटाने के साथ जब्ती की कार्रवाई भी अनिवार्य रूप से की जाए. अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई शहर में दिखनी भी चाहिए. इस तरह कदापि न हो कि अतिक्रमण दस्ता के जाते ही फिर से उस स्थान पर अतिक्रमण कर लिया जाय और आमजनता को असुविधा का सामना करना पड़े. इसके अतिरिक्त, निगम आयुक्त ने निर्देशित किया कि टोइंग व्हीकल को जोन क्रमांक 2 एवं 3 में सक्रिय रूप से संचालित किया जाए.
