इंदौर: मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित जनसुनवाई में पुलिस कमिश्नर ने आमजन की हर शिकायत को गंभीरता से सुना और तुरंत समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया. इस दौरान नागरिक अपनी व्यथा लेकर आए. अधिकतर शिकायतें आपसी व पारिवारिक विवाद, पैसों के लेन-देन और भूमि प्लॉट से जुड़ी धोखाधड़ी संबंधी थीं.
जनसुनवाई के दौरान 70 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें कुछ मामलों में महिला अपराध और फाइनेंशियल फ्रॉड की शिकायतें भी शामिल थीं.
पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक आवेदक की व्यथा व्यक्तिगत रूप से सुनी और मौके पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने आवेदकों को आश्वस्त किया कि इंदौर पुलिस उनकी सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है. पुलिस द्वारा मध्यस्थता केंद्र और अन्य उपायों के माध्यम से भी विवादों के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं. कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में देरी नहीं होगी और हर मामले में पूरी पारदर्शिता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
कुछ मामलों का मौके पर ही निराकरण
इस अवसर पर अति पुलिस आयुक्त (अप./मुख्यालय) आरके सिंह और सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. उन्होंने कमिश्नर के निर्देशानुसार आवेदकों से सीधे बात कर उनके मामले का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया. कई शिकायतों का तुरंत समाधान भी किया. जबकि अन्य मामलों में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया तेज करने के आदेश दिए.
